Skip to main content

Nirbhik Nazar

भारत दर्शन पर जाएंगे देवप्रयाग के 68 मेधावी विद्यार्थी, 16 सितंबर को होंगे रवाना, CM ने दी शुभकामनायें

टिहरी। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी छात्र-छात्राएं और शिक्षक 16 सितंबर को भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर रवाना होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कीर्तिनगर के स्वामी मन्मथन प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के बाद भारत दर्शन के 10वें संस्करण के तहत भ्रमण पर जाने वाले विद्यार्थियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर यात्रा की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का अवसर देता है। ऐसे अनुभव कक्षा की सीमाओं से बाहर ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में सहायक होते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से देश के विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं को समझने, वहां की उपलब्धियों से सीखने और अपने अनुभव साथियों के साथ साझा करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने और गुरुजनों तथा माता-पिता के प्रति सम्मान बनाए रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाने के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सतत विकास के क्षेत्र में पहाड़ी राज्यों में देश में प्रथम स्थान पर रहा है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण कानून लागू किए गए हैं, जिनसे अन्य राज्य भी प्रेरणा ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने भारत दर्शन की पहल के लिए देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार 10 वर्षों तक इस प्रकार का कार्यक्रम संचालित करना बड़ी उपलब्धि है। इस पहल से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष करीब एक हजार विद्यार्थियों को भारत भ्रमण का अवसर मिल रहा है और आगामी समय में यह संख्या बढ़ाकर दो हजार करने का प्रयास है।

विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि भारत दर्शन योजना की शुरुआत में कई कठिनाइयां आईं, लेकिन इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि योजना से विद्यार्थियों में बेहतर प्रदर्शन की प्रतिस्पर्धा बढ़ी है और कई विद्यार्थी अब 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त कर रहे हैं।

भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थी देश के विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक स्थलों के साथ प्रमुख संस्थानों का भ्रमण करेंगे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट लेखन के लिए कनकलता, आयुष, प्रियांशु और राघव केंतुरा को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, कुलपति प्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News