Skip to main content

Nirbhik Nazar

केदारनाथ धाम के लिए फिर शुरू हुई हेली सेवा, हेलीपैडों पर लौटी रौनक

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दूसरे चरण में मंगलवार से हेली सेवाएं फिर शुरू हो गईं। सुबह मौसम साफ होते ही केदारघाटी के विभिन्न हेलीपैड से केदारनाथ धाम के लिए उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया गया। लंबे अंतराल के बाद हेली सेवाएं बहाल होने से हेलीपैडों पर फिर रौनक लौट आई है और हेली सेवा से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही भी बढ़ने लगी है। इससे दूसरे चरण की केदारनाथ यात्रा में तेजी आने की उम्मीद है।

बरसात के दौरान प्रतिकूल मौसम और सुरक्षा कारणों से हेली सेवाएं कुछ समय के लिए बंद थीं। दूसरे चरण के लिए 15 सितंबर से सेवाएं दोबारा शुरू की गई हैं। उड़ान संचालन से पहले नागर विमानन महानिदेशालय की ओर से संबंधित हेली कंपनियों की व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। निर्धारित मानकों और आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद ही कंपनियों को उड़ान संचालन की अनुमति दी गई।

केदारनाथ धाम के लिए केदारघाटी के तीन प्रमुख सेक्टरों से कुल आठ हेली कंपनियां सेवाएं दे रही हैं। गुप्तकाशी से ट्रांस भारत और चिप्सन हेली, फाटा से थम्बी हेली, राजश हेली एविएशन, यूनाइटेड हेली और पिलग्रिम हेली एविएशन तथा शेरसी से हिमालय हेली और एरो एविएशन श्रद्धालुओं को हेली सेवा उपलब्ध करा रही हैं।

जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि हेली सेवा संचालन पर प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। मौसम और सुरक्षा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही उड़ानों का संचालन किया जाएगा।

दूसरे चरण में 15 से 30 सितंबर तक कुल 16 दिनों के लिए हेली सेवा के ऑनलाइन टिकट जारी किए गए हैं और इस अवधि के सभी टिकट बुक हो चुके हैं। इससे हेली सेवा की बढ़ती मांग का अंदाजा लगाया जा सकता है। श्रद्धालुओं को ठगी से बचाने के लिए यूकाडा ने टिकट केवल अधिकृत आईआरसीटीसी वेबसाइट से बुक करने की अपील की है।

हेली सेवा शुरू होने से बुजुर्ग, दिव्यांग और पैदल यात्रा करने में असमर्थ श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी। कम समय में केदारनाथ धाम पहुंचने के इच्छुक यात्रियों के लिए भी यह महत्वपूर्ण विकल्प है। हेली उड़ानों के संचालन से यात्रा व्यवस्थाओं में तेजी आने की संभावना है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News