Skip to main content

Nirbhik Nazar

विनोद चमोली ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- घोटालों ने खोला राजनीतिक भ्रष्टाचार का चेहरा

देहरादून। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला। पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ओर से कांग्रेस के पदों से हटने की इच्छा जताने पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में नियुक्तियों और परीक्षाओं में भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए थे, तब उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा क्यों नहीं दिया।

चमोली ने पूर्व मुख्यमंत्री के करीबी रहे चंदन सिंह जीना से जुड़े मामले का हवाला देते हुए कांग्रेस से कई सवालों के जवाब मांगे। उन्होंने कहा कि जांच पहले भी हुई थी और बाद में दोबारा जांच की गई। ऐसे में लंबे समय बाद प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के बाद इस्तीफे की पेशकश करना सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह राजनीतिक सहानुभूति हासिल करने का प्रयास है।

भाजपा नेता ने चंदन सिंह जीना के कथित बयान का हवाला देते हुए कहा कि बरामद रकम को अलग-अलग लोगों की ओर से कांग्रेस के लिए दिए गए चंदे से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने इसे कांग्रेस का कथित ‘चंदा मॉडल’ बताते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से पूछा कि पार्टी के नाम पर किसने कितना धन दिया और उसका उद्देश्य क्या था। चमोली ने कांग्रेस से इस कथित व्यवस्था का पूरा हिसाब जनता के सामने रखने की मांग की।

उन्होंने कर्नाटक में कांग्रेस सरकार से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों का भी उल्लेख किया और दावा किया कि उत्तराखंड समेत कांग्रेस शासित राज्यों में भ्रष्टाचार का एक जैसा पैटर्न दिखाई देता है। हालांकि, इन मामलों में लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्षों का पक्ष सामने आना बाकी है।

भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल के मामलों को लेकर चमोली ने कहा कि भाजपा सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा और नकल विरोधी कानून बनाया। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने करीब 37 हजार नियुक्तियां पारदर्शी तरीके से कराई हैं और जहां भी नकल या पेपर लीक की शिकायत सामने आई, वहां जांच कर कार्रवाई की गई।

चमोली ने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में सामने आए कथित घोटालों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ कार्रवाई को चुनाव से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। चुनाव अपनी जगह हैं और कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि इसी सोच के तहत भाजपा ‘एक देश, एक चुनाव’ की बात करती है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News