देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मनोहर लाल, गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, पंकज चौधरी सहित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी उत्तराखंड की प्रगति के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने गरीबों को सशक्त बनाने के प्रति धामी की प्रतिबद्धता का भी उल्लेख करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मुख्यमंत्री धामी को जन्मदिन की बधाई देते हुए बाबा बद्री-केदार से उनके उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि धामी उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान और समृद्ध विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास को गति देने के लिए काम कर रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री धामी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धामी उत्तराखंड की गौरवशाली संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के साथ विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, अर्जुन राम मेघवाल और गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी मुख्यमंत्री धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने भी धामी को बधाई देते हुए उत्तराखंड के निरंतर विकास और प्रगति की कामना की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री धामी को जन्मदिन की बधाई देते हुए बाबा केदारनाथ से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की प्रार्थना की। वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी धामी को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास और विरासत के संरक्षण की कामना की।