Skip to main content

Nirbhik Nazar

सकण्ड गांव की सड़क समस्या पर मुख्यमंत्री धामी का तत्काल एक्शन, तीन माह में कार्रवाई के निर्देश

चमोली। कर्णप्रयाग विकासखंड के सकण्ड (स्कंद) गांव में सड़क सुविधा की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा खुद गेती, फावड़े और कुदाल उठाकर श्रमदान किए जाने की खबर का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा। उन्होंने सड़क निर्माण की कार्रवाई को तीन माह के भीतर पूरा करने की दिशा में तेजी से काम करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए शासन-प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर राजस्व विभाग, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम सकण्ड गांव पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर सड़क निर्माण से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को प्रक्रिया में तेजी लाने और तीन माह के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री के त्वरित हस्तक्षेप के बाद हुई कार्रवाई पर ग्राम प्रधान शिवानी चौधरी ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की और राजस्व, वन विभाग तथा लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम गांव पहुंची। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ शासन और जिला प्रशासन का भी धन्यवाद किया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News