Skip to main content

Nirbhik Nazar

दिव्यांग बच्चों के बीच जन्मदिन मनाकर भावुक हुए सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिवस के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके बीच समय बिताकर संवाद किया। इस दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री के लिए जन्मदिन का गीत गाया, जिसे सुनकर धामी भावुक नजर आए।

मुख्यमंत्री ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। हर बच्चे में प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

धामी ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि सक्षम बनाने के लिए अवसर और सहयोग भी जरूरी है। दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से जीवन की चुनौतियों को पार किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को अपने लक्ष्य की ओर पूरे विश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर सुबह नए जीवन और नई शुरुआत का प्रतीक है। इसलिए अपने जन्मदिवस पर उनका प्रयास रहता है कि वे बच्चों के बीच पहुंचें और उनके साथ समय बिताएं। उन्होंने कहा कि संस्थान के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से भी कई योजनाएं और प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समाज में हर व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण मिलना चाहिए। बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके जन्मदिवस का सबसे विशेष और यादगार उपहार है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News