Skip to main content

Nirbhik Nazar

विश्वकर्मा के जयकारों से गूंजा पंडाल, भोजपुरी भजनों ने बांधा समां, BMS ने धूमधाम से की पूजा..

देहरादून। बिहारी महासभा उत्तराखंड, देहरादून की ओर से आयोजित विश्वकर्मा पूजनोत्सव भक्ति और भोजपुरी संस्कृति के रंग में सराबोर रहा। हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज के प्रांगण में सजे भव्य पंडाल में देर शाम तक भगवान विश्वकर्मा के जयकारे गूंजते रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बिहार से विशेष रूप से बुलाए गए भोजपुरी कलाकारों का भव्य जागरण रहा।

20 वर्षों से संस्कृति संरक्षण की पहल

बिहारी महासभा पिछले 20 वर्षों से देहरादून में सामाजिक और सांस्कृतिक स्तर पर जन-जागरण का कार्य कर रही है। उत्तराखंड की धरती पर बिहार की संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के लिए महासभा की ओर से हर वर्ष छठ पूजा, बसंत पंचमी पर सरस्वती पूजा, विश्वकर्मा दिवस और हरतालिका तीज जैसे आयोजन किए जाते हैं। इसके अलावा रक्तदान, वृक्षारोपण और स्वास्थ्य जांच शिविर जैसे जनहित के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।

भोजपुरी भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल

जागरण की शुरुआत बिहार की प्रसिद्ध भोजपुरी लोक गायिका प्रियंका मौर्या की प्रस्तुति से हुई। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा को समर्पित भजन प्रस्तुत किए। ‘चलऽ हो विश्वकर्मा बाबा के धाम’ और ‘बाबा विश्वकर्मा करिहें बेड़ा पार’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया।

पदाधिकारियों ने रखे विचार

महासभा के अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि पंडाल में दिखाई दी ऊर्जा इस बात का प्रमाण है कि देहरादून में रहते हुए भी समाज के लोग पूर्वांचल और बिहार की संस्कृति से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार जन्मभूमि और उत्तराखंड कर्मभूमि है तथा समाज के सभी वर्गों के सहयोग से महासभा लगातार आगे बढ़ रही है।

सचिव चंदन कुमार झा ने कहा कि भोजपुरी जागरण का उद्देश्य संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन महासभा की पहचान बन चुके हैं।

कोषाध्यक्ष रितेश कुमार ने आयोजन की सफलता के लिए सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि समाज से प्राप्त आर्थिक सहयोग का उपयोग समाज के उत्थान के लिए किया जाएगा।

हजारों लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में महासभा के पूर्व अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, संरक्षक डॉक्टर रंजन कुमार, कार्यकारिणी सदस्य आलोक सिंह, सुरेंद्र अग्रवाल, प्रभात कुमार समेत गोबिंदगढ़ मंडल के विनय कुमार यादव, गणेश साहनी, विजय पाल, रवि यादव, धर्मेंद्र ठाकुर, गिरधर शर्मा, सुरेश ठाकुर, दिनेश कुमार और बलराम बिट्टू सहित हजारों कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News