Skip to main content

Nirbhik Nazar

अंकिता भंडारी को न्याय की मांग, गांधी पार्क से घंटाघर तक बनी मानव श्रृंखला

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को चार साल पूरे होने पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और जनसरोकारों से जुड़े संगठनों ने न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच के बैनर तले गांधी पार्क में अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद गांधी पार्क से घंटाघर तक मानव श्रृंखला बनाकर मामले में कथित वीआईपी की पहचान सार्वजनिक करने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई।

उत्तराखंड पूर्व सैनिक अर्धसैनिक संयुक्त संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश थपलियाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता आज भी अंकिता को नहीं भूली है। उन्होंने कहा कि चार साल बाद भी अंकिता का परिवार न्याय का इंतजार कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता ने अपनी जान को खतरा होने और कथित वीआईपी को विशेष सेवाएं देने के दबाव की बात कही थी, लेकिन उसके कथित अंतिम बयानों को गंभीरता से नहीं लिया गया।

वक्ताओं ने सरकार से मांग की कि मामले में कथित वीआईपी से जुड़े आरोपों की भी निष्पक्ष जांच हो और किसी की भूमिका सामने आने पर कार्रवाई की जाए। अंकिता के अंतिम संस्कार को लेकर भी सवाल उठाए गए। वक्ताओं ने कहा कि परिवार लंबे समय से न्याय की मांग कर रहा है और जांच को पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

पूर्व सैनिकों ने कहा कि उत्तराखंड सैनिक बाहुल्य राज्य है और यहां बेटियों तथा जवानों के परिवारों की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में पारदर्शी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

उत्तराखंड महिला मंच की निर्मला बिष्ट ने भी अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कई सवालों के स्पष्ट जवाब सामने नहीं आने पर नाराजगी जताई। उन्होंने मामले से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं को स्पष्ट करने की मांग की।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News