Skip to main content

Nirbhik Nazar

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ में युवा प्रतिभाओं से संवाद, CM धामी ने की तकनीक और नवाचार पर चर्चा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत युवा प्रतिभाओं से संवाद किया। छात्र-छात्राओं ने तकनीक, रोबोटिक्स, साइबर सुरक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और विकसित उत्तराखंड को लेकर अपने विचार और सुझाव मुख्यमंत्री के सामने रखे। मुख्यमंत्री ने युवाओं की जिज्ञासाओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की नई सोच, बड़े सपने और आत्मविश्वास ही विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक, रोबोटिक्स और साइबर सुरक्षा जैसे भविष्य के क्षेत्रों में युवाओं के नवाचारी विचार राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उद्योगों की जरूरत के अनुसार मिलेगा कौशल प्रशिक्षण

एक छात्र के सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार उद्योगों और फैक्ट्रियों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण देने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए उद्योगों के साथ सीधे समझौते किए जा रहे हैं और उनसे आवश्यक ट्रेड एवं कौशल की जानकारी ली जा रही है। जरूरत के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उद्योगों को स्थानीय स्तर पर कुशल मानव संसाधन देने का प्रयास है।

स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में काम कर रही है। स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक, बेहतर बाजार और ब्रांडिंग से जोड़कर स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

सगंध मिशन से वैश्विक बाजार तक पहुंचेगी उत्तराखंड की खुशबू

मुख्यमंत्री ने ‘सगंध मिशन’ का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड की जैव विविधता और विशिष्ट वनस्पतियों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। वनस्पतियों से तैयार सुगंधित उत्पादों और इत्र को ‘हाउस ऑफ हिमालय’ के माध्यम से देश और वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे स्थानीय संसाधनों का मूल्यवर्धन होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका और उद्यमिता के अवसर बढ़ेंगे।

पिरुल से भी रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पिरुल को 10 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा जा रहा है और इसका उपयोग विभिन्न उपयोगी उत्पाद तैयार करने में किया जा रहा है। इससे जंगलों में उपलब्ध पिरुल का बेहतर उपयोग करने के साथ स्थानीय लोगों के लिए आय के नए साधन विकसित करने का प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप नए क्षेत्रों में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और सरकार उनकी प्रतिभा, नवाचार तथा नए विचारों को अवसर और मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News