Skip to main content

Nirbhik Nazar

जिला सहकारी बैंक नैनीताल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने सीएम धामी से की मुलाक़ात

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में जिला सहकारी बैंक नैनीताल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रविंद्र सिंह रैंकुनी ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपने निर्वाचन की जानकारी देते हुए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने रविंद्र सिंह रैंकुनी को अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधियों का माध्यम नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार है। उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सहकारी संस्थाओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण है। इनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, काश्तकारों, स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और छोटे उद्यमियों को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने में मदद मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना है। सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं व महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिला सहकारी बैंक नैनीताल की जिम्मेदारी केवल बैंकिंग सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों, ग्रामीणों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों की आर्थिक प्रगति में सहभागी बनने की भी है। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष से बैंक को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह, आधुनिक और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में कार्य करने की अपेक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन के अनुरूप राज्य में सहकारिता क्षेत्र को नई गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सहकारिता को गांव-गांव में रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

रविंद्र सिंह रैंकुनी ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि वह जिला सहकारी बैंक नैनीताल को अधिक प्रभावी और जनोपयोगी बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News