Skip to main content

Nirbhik Nazar

CM धामी ने सुनीं प्रदेश भर से आये लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिये मॉनिटरिंग के साथ त्वरित समाधान के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार, आर्थिक सहायता समेत क्षेत्रीय और व्यक्तिगत समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान जिला या विभागीय स्तर पर हो सकता है, उन्हें अनावश्यक रूप से शासन स्तर पर लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। अधिकारियों को अपने स्तर पर प्राथमिकता के साथ मामलों का निस्तारण करना होगा।

शिकायतों का समाधान कागजों तक सीमित न रहे

धामी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। लोगों को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण की नियमित निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि शिकायत का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनसमस्याओं के समाधान को प्रभावी बनाया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के जरिए शासन-प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने के साथ पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं से भी जोड़ रहा है।

17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसके तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविरों के साथ स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर भी लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

पदक विजेता खिलाड़ियों से भी मिले मुख्यमंत्री

इस दौरान ‘नवीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026’ में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की। प्रतियोगिता 31 जुलाई से 2 अगस्त तक थाईलैंड के पटाया में आयोजित हुई थी। मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक, जबकि मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक जीते। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पांडेय, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोभाल समेत मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News