Skip to main content

Nirbhik Nazar

हरिद्वार में ज्ञान और संस्कार की नई पाठशाला, CM धामी ने किया पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ

हरिद्वार । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार के औरंगाबाद स्थित पतंजलि वेलनेस योगग्राम में प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ किया। उन्होंने गुरुकुलम् के शुभारंभ पर योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और पतंजलि परिवार को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल परंपरा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रही, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, चरित्र निर्माण और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करती रही है।

आधुनिक विज्ञान के साथ भारतीय जीवन मूल्यों का समन्वय जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज तेजी से बदलती दुनिया में आधुनिक ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन और संतुलित जीवनशैली की शिक्षा भी जरूरी है। गुरुकुलम् में आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ योग, आयुर्वेद, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का समन्वय नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा।

उन्होंने कहा कि आधुनिकता और परंपरा एक-दूसरे की विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। भारतीय ज्ञान परंपरा, दर्शन और संस्कृति के अध्ययन एवं शोध को बढ़ावा देने के लिए दून विश्वविद्यालय में हिंदू अध्ययन केंद्र स्थापित किया गया है।

विज्ञान, शोध और नवाचार पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में विज्ञान, शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए भी काम किया जा रहा है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कौशल से जोड़ने के साथ स्टार्टअप और नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य में सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले लगभग पांच वर्षों में करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार के अवसर मिले हैं।

ज्ञान, योग और आयुर्वेद का वैश्विक केंद्र बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को पर्यटन के साथ ज्ञान, योग, आयुर्वेद और अध्यात्म के प्रमुख वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह संस्थान देश और दुनिया के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, विज्ञान, योग और आयुर्वेद के अध्ययन का प्रमुख केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, विधायक रवि बहादुर, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और पतंजलि संस्थान के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News