Skip to main content

Nirbhik Nazar

सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी, खटीमा में कचरा प्रबंधन के लिए उतरे 15 वाहन

खटीमा: ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने के लिए कॉरपोरेट सेक्टर भी आगे आया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा में अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 15 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें नेस्ले इंडिया की ओर से सामाजिक दायित्व के तहत उपलब्ध कराए गए सात इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहन भी शामिल हैं।

नेस्ले इंडिया ने धर्मपुर, छत्तरपुर, बिंदूखेड़ा, कीरतपुर, बागवाला, दानपुर और नगला तराई के लिए एक-एक इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराया है। इस अवसर पर ब्रिटानिया की ओर से स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। ठोस एवं तरल अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन के लिए आधुनिक संसाधनों के साथ जनभागीदारी और कॉरपोरेट सेक्टर का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। ग्राम पंचायत स्तर पर विकसित किया जा रहा आत्मनिर्भर स्वच्छता मॉडल कचरा संग्रहण और निस्तारण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद करेगा।

373 ग्राम पंचायतों में 71 क्लस्टर

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में ऊधमसिंह नगर की 373 ग्राम पंचायतों में 71 क्लस्टरों के माध्यम से ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार की गई है। नगर निकायों से लगे ग्रामीण क्षेत्रों और प्रमुख बाजारों में नियमित कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण के लिए संबंधित नगर निकायों के साथ समझौते किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 231 वाहनों का बेड़ा तैयार किया गया है। इसमें स्वच्छ भारत मिशन के तहत 134 ई-रिक्शा और 75 ट्रैक्टर-ट्रॉली के अलावा सामाजिक दायित्व और अन्य योजनाओं से मिले वाहन शामिल हैं। विभिन्न विकासखंडों में जिला पंचायत की ओर से कचरा दबाने वाले यंत्र का भी संचालन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, महापौर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी, मुख्यमंत्री के अपर सचिव एवं सामाजिक दायित्व के सदस्य सचिव मनमोहन मैनाली तथा नेस्ले इंडिया के कॉरपोरेट अफेयर्स एवं सतत विकास निदेशक कुंवर हिम्मत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News