Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तरकाशी: सीमांत क्षेत्र के दौरे पर मुख्य सचिव, हवाई पट्टी से लेकर स्कूल तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उत्तरकाशी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने तीन दिवसीय सीमांत जनपद दौरे के पहले दिन चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी, ग्राम मल्ली स्थित स्वयं सहायता समूहों के कलेक्शन सेंटर और पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण किया। उन्होंने सामरिक सुविधाओं के साथ ग्रामीण महिलाओं की आजीविका और दूरस्थ क्षेत्रों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।

चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का किया निरीक्षण

मुख्य सचिव ने चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पहुंचकर एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने हवाई पट्टी की वर्तमान व्यवस्थाओं और विस्तार योजनाओं की जानकारी लेते हुए सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। चीन सीमा से निकटता के कारण यह हवाई पट्टी सामरिक संचालन के साथ आपातकालीन बचाव, आपदा प्रबंधन और वीवीआईपी आवाजाही के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

महिलाओं के आत्मनिर्भर प्रयासों की सराहना

इसके बाद मुख्य सचिव ने चिन्यालीसौड़ के ग्राम मल्ली में ‘सर्वशक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन’ तुल्याड़ा के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और लखपति दीदियों से संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों, उत्पादन और अनुभवों की जानकारी ली। महिला उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पादों का अवलोकन करते हुए उन्होंने आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की।

महिलाओं ने बताया कि यूजीवीएस-रीप, आजीविका परियोजना और आईएफएडी के वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग से क्लस्टर से जुड़ी महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। यहां बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई केंद्र, सौंदर्य केंद्र, खानपान सेवा, डेयरी, मुर्गी पालन और स्थानीय उत्पादों व अचार निर्माण जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

विद्यार्थियों से संवाद, मेधावियों को किया सम्मानित

मुख्य सचिव ने डुंडा विकासखंड के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें भविष्य की चुनौतियों का निडरता से सामना करने, ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने तथा अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यालय की प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर कक्ष, पेयजल व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए दूरस्थ क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में आधुनिक तकनीकी संसाधन और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन का माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में पौधारोपण करने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

लंबी कूद में राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित राजीव, कबड्डी के लिए चयनित शुभम, गृह परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लविश और अस्मित तथा हाईस्कूल परीक्षा की टॉपर निधि भट्ट और अनुष्का को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा, क्षेत्राधिकारी चंचल शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, अधिशासी अभियंता सिंचाई सचिन सिंघल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News