Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तरकाशी: कालिंदी खाल में फंसे सभी 19 ट्रेकर्स सुरक्षित निकाले गए, अन्य क्षेत्रों में रेस्क्यू जारी

उत्तरकाशी। उच्च हिमालयी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के बीच फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए मंगलवार को फिर से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। एसडीआरएफ समेत विभिन्न बचाव एजेंसियों की टीमों ने मौसम की चुनौती के बीच अभियान जारी रखा। मंगलवार को चार और लोगों को सुरक्षित निकालकर हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया गया। इसके साथ ही कालिंदी खाल क्षेत्र में फंसे सभी 19 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

पिछले दिनों हुई भारी बर्फबारी के कारण उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग पर गए कई ट्रेकर्स और उनके साथ मौजूद हेल्पर अलग-अलग स्थानों पर फंस गए थे। कालिंदी खाल क्षेत्र में भी लोगों के फंसे होने की सूचना के बाद प्रशासन ने चरणबद्ध तरीके से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। प्रतिकूल मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए बचाव दलों ने बेहद सतर्कता के साथ अभियान चलाया।

मंगलवार सुबह रेस्क्यू अभियान में तेजी लाई गई। एसडीआरएफ के जवानों के साथ अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें भी अभियान में शामिल रहीं। चार लोगों को सुरक्षित निकालकर हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया गया। इसके साथ ही कालिंदी खाल क्षेत्र से सभी 19 लोगों की सुरक्षित निकासी पूरी हो गई।

हर्षिल हेलीपैड पर तैयार की गई रेस्क्यू रणनीति

हर्षिल हेलीपैड पर अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा की मौजूदगी में रेस्क्यू अभियान में शामिल कार्मिकों और हेलीकॉप्टर के पायलट के साथ समन्वय बैठक की गई। इसमें उच्च हिमालयी क्षेत्र की मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों के साथ सुरक्षित निकासी के विकल्पों पर चर्चा कर अभियान की कार्ययोजना तैयार की गई।

अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा ने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम तेजी से बदल रहा है। ऐसे में बचाव दल के लिए सुरक्षित मार्ग का चयन सबसे महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेस्क्यू टीमों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।

माउंट जॉगिंग क्षेत्र की रेकी के लिए दो जवान रवाना

रेस्क्यू अभियान के साथ माउंट जॉगिंग क्षेत्र की रेकी भी शुरू कर दी गई है। एसडीआरएफ के दो जवानों को क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का जायजा लेने और सुरक्षित मार्ग तलाशने के लिए भेजा गया है। टीम बर्फ की स्थिति, संभावित रास्तों और रेस्क्यू के लिए उपयुक्त मार्ग का आकलन कर रही है। रेकी से मिलने वाली जानकारी के आधार पर आगे की बचाव रणनीति तय की जाएगी।

भारी बर्फबारी बनी चुनौती

उच्च हिमालयी क्षेत्र में लगातार भारी बर्फबारी के कारण रेस्क्यू अभियान में चुनौती बनी हुई है। इसके बावजूद एसडीआरएफ और अन्य बचाव एजेंसियों के जवान लगातार अभियान में जुटे हैं। प्रशासन सभी संबंधित टीमों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है, ताकि अलग-अलग क्षेत्रों में मौजूद लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके।

ऑडेन कोल पास से 29 ट्रेकर्स को सोमवार को निकाला गया

इससे पहले सोमवार को उत्तरकाशी के ऑडेन कोल पास से 29 ट्रेकर्स को सुरक्षित हर्षिल पहुंचाया गया था। रेस्क्यू के बाद सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें उनकी स्थिति सामान्य पाई गई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी ट्रेकर्स अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए थे। इसके बाद कालिंदी खाल क्षेत्र में हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News