Skip to main content

Nirbhik Nazar

राम माधव का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा, संगठन और 2027 की तैयारियों पर होगी चर्चा

देहरादून। उत्तराखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह प्रभारी बांसुरी स्वराज तथा अरविंद मेनन दो और तीन अक्टूबर को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद तीनों नेताओं का यह पहला उत्तराखंड दौरा होगा। इस दौरान प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें की जाएंगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, दौरे के पहले दिन प्रदेश प्रभारी राम माधव और दोनों सह प्रभारियों की प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसमें प्रदेश में पार्टी की मौजूदा गतिविधियों, संगठनात्मक कामकाज और आने वाले कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की जाएगी।

दौरे के दूसरे दिन भाजपा के पांच प्रकोष्ठों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके अलावा सभी जिलाध्यक्षों और जिला संयोजकों को भी बैठक में शामिल किया जाएगा। बैठक में पार्टी के प्रचार-प्रसार से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ प्रदेश स्तर पर तैयार होने वाले कार्यक्रमों को जिला और मंडल स्तर तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा होगी।

जिलों में चल रही पार्टी गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ स्थानीय स्तर पर कार्यक्रमों और संगठन के कामकाज को लेकर पदाधिकारियों से फीडबैक भी लिया जाएगा। नए प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों के लिए यह दौरा उत्तराखंड में संगठन की जमीनी स्थिति को समझने का पहला अवसर होगा।

उत्तराखंड में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में नए प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों के पहले दौरे के दौरान होने वाली संगठनात्मक बैठकों को आगामी चुनाव की तैयारियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News