Skip to main content

Nirbhik Nazar

कोटद्वार में दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद’ दीपक गिरफ्तार, व्यापारी को धमकाने का आरोप…

पौड़ी। कोटद्वार में सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया। वीडियो पर टिप्पणी करने वाले व्यापारी संजीव टांक के साथ कथित विवाद और धमकी देने के मामले में पुलिस ने दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद’ दीपक को गिरफ्तार किया है। व्यापारी ने आरोप लगाया है कि दीपक ने उनकी दुकान में पहुंचकर बदसलूकी की और जान से मारने की धमकी दी।

जानकारी के अनुसार, उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद तोड़े जाने से जुड़े घटनाक्रम पर दीपक कुमार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसी वीडियो पर व्यापारी संजीव टांक ने टिप्पणी की थी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों के बीच तीखी कहासुनी होती दिखाई दे रही है।

व्यापारी की तहरीर के आधार पर कोटद्वार कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पौड़ी पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2) और 352 के तहत अभियोग दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर धारा 196 और 115 भी जोड़ी गईं। इसके बाद आरोपी दीपक कुमार को धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी कोटद्वार कोतवाली पहुंच गए। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया और महामंत्री नवीन गोयल के नेतृत्व में व्यापारियों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली परिसर में धरना दिया।

मामले की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों को बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया।

व्यापारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News