Skip to main content

Nirbhik Nazar

BJP नेता रामशरण नौटियाल का भाजपा से इस्तीफा, कहा – जहां सम्मान न हो वहां नहीं रहना चाहिए

देहरादून। प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के पिता और भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने पार्टी से इस्तीफा देने की पुष्टि करते हुए इसके पीछे सम्मान और अनुशासन से जुड़े मुद्दों को वजह बताया है। उन्होंने कहा कि जहां अनुशासन न हो, अनुशासन तोड़ने वालों को वरिष्ठ नेताओं का समर्थन मिले और सम्मान के बजाय अपमान हो, वहां किसी व्यक्ति को नहीं रहना चाहिए।

रामशरण नौटियाल ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2014 में भाजपा की सदस्यता ली थी। इस दौरान उन्होंने पार्टी में काफी कुछ सीखा और अनुभव हासिल किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में वरिष्ठ नेताओं से लेकर जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं तक कई लोगों ने उन्हें प्यार और सम्मान दिया, जिसके लिए वह उनके आभारी हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी छोड़ने के फैसले के पीछे कुछ नेताओं की भूमिका है। हालांकि उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया। उन्होंने यह भी कहा कि मंचों पर उन्हें अपमानित किए जाने की स्थिति भी बनी। उनका कहना है कि किसी समर्पित कार्यकर्ता के लिए सम्मान महत्वपूर्ण होता है और सम्मान नहीं मिलने पर पार्टी से अलग होना उचित है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की ओर से इस्तीफा नहीं मिलने की बात कहे जाने पर रामशरण नौटियाल ने सफाई दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा व्यक्तिगत रूप से देने के बजाय अपने स्टेनोग्राफर के माध्यम से भेजा था। बाद में प्रदेश अध्यक्ष तक इस्तीफा नहीं पहुंचने की जानकारी मिलने पर उन्होंने ई-मेल के जरिए भी अपना त्यागपत्र भेज दिया।

रामशरण नौटियाल वर्ष 2022 में भाजपा के टिकट पर चकराता विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। इससे पहले वह वर्ष 2014 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उनके इस्तीफे के बाद आगे की राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं, हालांकि किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने की कोई औपचारिक घोषणा सामने नहीं आई है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News