Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड में एसआईआर के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी, 71.58 लाख मतदाता दर्ज

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने अंतिम सूची के आंकड़ों की जानकारी दी। अंतिम सूची में प्रदेश में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज हैं, जबकि पुनरीक्षण के दौरान 1,29,872 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।

विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया आठ जून 2026 को शुरू हुई थी। उस समय प्रदेश की मतदाता सूची में 79,60,762 मतदाता दर्ज थे। इसके बाद 14 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें मतदाताओं की संख्या घटकर 71,33,785 रह गई थी। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने तथा उनके निस्तारण के बाद अंतिम सूची प्रकाशित की गई।

9.31 लाख नाम प्रक्रिया में हटाए गए

विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कुल 9,31,685 नाम हटाने की प्रक्रिया में आए। वहीं, दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम चरण में 1,04,708 नाम विलोपित किए गए। दूसरी ओर पात्र नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया, जिसके चलते प्रारूप सूची की तुलना में अंतिम मतदाता सूची में संख्या बढ़ गई।

निर्वाचन विभाग के अनुसार पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में दर्ज नामों का विभिन्न स्तरों पर सत्यापन किया गया। इसके साथ पात्र नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

15 सितंबर की जगह 3 अक्तूबर को जारी हुई सूची

पहले अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को होना था। पांच जिलों के मतदाताओं का उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों से सत्यापन और दावे-आपत्तियों के निस्तारण के लिए अतिरिक्त समय की जरूरत के चलते अंतिम सूची जारी करने की तारीख बढ़ाकर 3 अक्तूबर की गई।

छूटे पात्र मतदाताओं को फिर मिलेगा मौका

अंतिम सूची में नाम शामिल नहीं होने वाले पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। निर्वाचन विभाग नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान भी चलाएगा।

आंकड़ों में एसआईआर

  • एसआईआर शुरू होने के समय: 79,60,762 मतदाता
  • 14 जुलाई की प्रारूप सूची: 71,33,785 मतदाता
  • अंतिम मतदाता सूची: 71,58,949 मतदाता
  • अंतिम सूची में नए मतदाता: 1,29,872
  • एसआईआर प्रक्रिया में हटाए/चिह्नित नाम: 9,31,685
  • अंतिम चरण में विलोपित नाम: 1,04,708

इस अंतिम प्रकाशन के साथ उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। हालांकि पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आगे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने का अवसर उपलब्ध रहेगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News