Skip to main content

Nirbhik Nazar

हरियाणा के युवाओं ने साझा किए उत्तराखंड भ्रमण के अनुभव, धामी बोले- बनें डिजिटल ब्रांड एंबेसडर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं ने मुलाकात की। युवाओं ने अपने भ्रमण के अनुभव साझा करते हुए राज्य की कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, सीमांत क्षेत्रों के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की।

युवाओं ने कहा कि तीन दिनों के भ्रमण के दौरान उन्हें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों को करीब से जानने और सरकारी योजनाओं के स्थानीय स्तर पर पड़ रहे प्रभाव को समझने का अवसर मिला। उन्होंने पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार को उल्लेखनीय बताया। रेलवे नेटवर्क के विस्तार के प्रयासों की भी उन्होंने सराहना की।

हरियाणा के युवाओं ने उत्तराखंड के स्वच्छ वातावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता को भी सराहा। उन्होंने कहा कि होम-स्टे को बढ़ावा देने और सरकार की ओर से दी जा रही सहायता से स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी उन्होंने प्रभावी बताया।

युवाओं ने कहा कि तीर्थाटन और पर्यटन के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का असर दिखाई दे रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने सौर ऊर्जा की छत योजना को भी उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी पहल बताया। स्थानीय लोगों के आत्मीय व्यवहार और शांत वातावरण की भी युवाओं ने प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि ‘अतिथि देवो भवः’ देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय युवा भ्रमण से विभिन्न राज्यों की संस्कृति, विकास कार्यों और नवाचारों को समझने का अवसर मिलता है तथा राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान बढ़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है। गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और अन्य वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग पांच वर्षों में करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। समान नागरिक संहिता, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, पर्यटन, स्थानीय उत्पाद, होम-स्टे, सौर ऊर्जा और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा के युवाओं से उत्तराखंड में देखे और समझे गए अनुभवों को अपने मित्रों तथा सामाजिक माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभा सकते हैं और राज्य की संस्कृति, पर्यटन, तीर्थाटन, स्थानीय उत्पादों, मिलेट्स, हस्तशिल्प तथा महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों को देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News