Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने दिनेश आर्य को बनाया प्रत्याशी, 16 अक्टूबर को मतदान

देहरादून। उत्तराखंड की रिक्त होने वाली एक राज्यसभा सीट के लिए भाजपा ने दिनेश आर्य को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को उनके नाम को मंजूरी दी। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से चल रही प्रत्याशी चयन की चर्चाओं पर विराम लग गया।

वर्तमान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसी के चलते उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना भी की जाएगी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित है।

24 नामों पर हुआ था मंथन

भाजपा में प्रत्याशी चयन को लेकर प्रदेश स्तर पर भी व्यापक मंथन हुआ था। प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी में संभावित नामों पर चर्चा के बाद केंद्रीय नेतृत्व को नामों का पैनल भेजा गया था। केंद्रीय चुनाव समिति ने अब दिनेश आर्य के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है।

लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हैं आर्य

दिनेश आर्य लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने नैनीताल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट के लिए दावेदारी की थी। वह भाजपा सरकार में राज्य पेयजल अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में भी उन्होंने प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी संभाली है।

राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद अब नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है। इसके बाद चुनाव की अगली स्थिति स्पष्ट होगी। राज्यसभा सदस्य का चुनाव विधानसभा के निर्वाचित सदस्यों के माध्यम से होता है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News