देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आयुष विभाग और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें आयुष विभाग के 271 और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। इसके साथ ही उनके जीवन में जनसेवा की नई जिम्मेदारी भी शुरू होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नव नियुक्त कार्मिक सरकारी सेवा को केवल नौकरी तक सीमित न रखें, बल्कि इसे समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनाएं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। पहले यह योजना प्रदेश के छह जिलों तक सीमित थी, जिसे अब सभी 13 जिलों तक पहुंचाया गया है।
आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने भी नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आयुष सेवाओं को और मजबूत करने तथा उन्हें आम लोगों के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।