Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड हाईकोर्ट में प्रशासनिक बदलाव, जस्टिस मनोज कुमार तिवारी होंगे कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश

नैनीताल। उत्तराखंड उच्च न्यायालय में प्रशासनिक बदलाव होने जा रहा है। केंद्र सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय ने न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी को उत्तराखंड उच्च न्यायालय का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत यह नियुक्ति की गई है।

मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी 9 अक्टूबर 2026 से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभालेंगे। वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता 8 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसके बाद न्यायमूर्ति तिवारी न्यायालय के प्रशासनिक और न्यायिक कार्यों का संचालन करेंगे।

केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव जगन्नाथ श्रीनिवासन की ओर से 6 अक्टूबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी इससे पहले उत्तराखंड उच्च न्यायालय में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

जस्टिस सुभाष उपाध्याय स्थायी न्यायाधीश बनने की राह पर

उत्तराखंड उच्च न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में कार्यरत न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय को कॉलेजियम की मंजूरी मिलने के बाद स्थायी न्यायाधीश बनाए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। 5 अक्टूबर को मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र के मूल निवासी न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय का जन्म 12 दिसंबर 1972 को हुआ था। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी और एमएसडब्ल्यू की शिक्षा हासिल की। वर्ष 1998 में वकालत शुरू करने के बाद उन्होंने इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ और उत्तराखंड उच्च न्यायालय में सिविल, संवैधानिक और सेवा मामलों में लंबे समय तक पैरवी की।

वकालत के दौरान उन्होंने उत्तराखंड के मुख्य स्थायी वकील सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। इसके बाद 30 मई 2025 को उन्होंने उत्तराखंड उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News