Skip to main content

Nirbhik Nazar

कुंभ 2027 की तैयारियों पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन का अल्टीमेटम, नवंबर तक अस्थायी पुल और समय पर पूरी हों सभी व्यवस्थाएं

देहरादून: कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को सभी निर्माण और आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को समानांतर रूप से किया जा सकता है, उन्हें साथ-साथ पूरा किया जाए, ताकि समय का बेहतर उपयोग हो और कुंभ मेले की सभी व्यवस्थाएं समय से तैयार हो सकें।

मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना और निर्वाचन संबंधी कार्यों के कारण कुंभ मेले के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित न हो, इसके लिए अभी से आवश्यक योजना तैयार की जाए। संबंधित विभाग मानव संसाधन की जरूरत का आकलन कर समय से तैनाती की कार्ययोजना तैयार करें।

उन्होंने कुंभ मेला क्षेत्र में प्रभावी साइनेज व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साइनेज पर क्यूआर कोड लगाए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को संबंधित स्थल के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के साथ अन्य जरूरी जानकारी मिल सके। उन्होंने कुंभ क्षेत्र की विभिन्न लोकेशन और सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक समर्पित ऐप तैयार करने की संभावना पर भी जोर दिया।

मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेले के लिए तैयार की जा रही स्थायी व्यवस्थाओं के मेले के बाद भी संचालन और रखरखाव की योजना अभी से बनाई जाए। उन्होंने अस्थायी पुलों के निर्माण की लगातार निगरानी करते हुए इन्हें नवंबर के अंत तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कुंभ मेला क्षेत्र में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा। सरकारी और सरकारी एजेंसियों की भूमि पर पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए किए जाने वाले कार्य तत्काल शुरू किए जाएं। साथ ही नहरबंदी के दौरान किए जाने वाले कार्यों की पहले से तैयारी पूरी कर इस अवधि का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सिंचाई और पेयजल विभाग के निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए कुंभ मेला शुरू होने से पहले उन्हें पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने मेलाधिकारी और संबंधित विभागाध्यक्षों को इन कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। कुंभ के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों और अन्य व्यवस्थाओं को भी समय से तैयार करने को कहा।

उन्होंने मेलाधिकारी को कुंभ से संबंधित कार्यों का लगातार स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने को कहा, ताकि संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनोद कुमार सुमन, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप और मेलाधिकारी सोनिका सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News