Skip to main content

Nirbhik Nazar

रेशमा बिष्ट की तलाश के लिए हरसंभव मदद करेगी सरकार, मुख्यमंत्री धामी ने दिए निर्देश

देहरादून। टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर क्षेत्र निवासी रेशमा देवी के लापता होने के मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि रेशमा की तलाश के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में टिहरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से फोन पर बातचीत कर मामले की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति के लापता होने की घटना उसके परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक और संवेदनशील होती है। ऐसे मामलों में पुलिस और प्रशासन को सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध तकनीकी और वैज्ञानिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करना चाहिए, ताकि तलाश और जांच की कार्रवाई को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके।

धामी ने संबंधित अधिकारियों को अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करने और रेशमा की तलाश के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही परिजनों को जांच की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराने को भी कहा।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि रेशमा की सकुशल तलाश के लिए पुलिस और प्रशासन सभी संभावित प्रयास करेंगे तथा शासन स्तर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News