Skip to main content

Nirbhik Nazar

ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला, पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रदेश प्रधान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष योगिता केंतुरा रावत के नेतृत्व में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान ग्रामीण विकास, ग्राम पंचायतों की भूमिका और प्रदेश में संचालित विकास योजनाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतें लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण इकाइयां हैं। गांवों के समग्र विकास, स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं के समाधान और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने में ग्राम प्रधानों और पंचायत प्रतिनिधियों की अहम भूमिका है। ग्राम प्रधान ग्रामीण जनता और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। गांवों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और ग्रामीणों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वास्तविक शक्ति उसके गांवों, स्थानीय परंपराओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में निहित है। गांवों को सशक्त बनाकर ही आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को साकार किया जा सकता है। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों का क्रियान्वयन आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनहित से जुड़े विषयों पर पंचायत प्रतिनिधियों के सुझावों और अनुभवों को महत्व देती है। ग्राम पंचायतों को विकास योजनाओं में प्रभावी भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराना और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश प्रधान संगठन और ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि सरकार के साथ समन्वय बनाकर ग्रामीण विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश प्रधान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष योगिता केंतुरा रावत, प्रदेश प्रभारी पंकज पोखरियाल, उत्तरकाशी के जिलाध्यक्ष ठाकुर कृपाल सिंह, संगठन महामंत्री शुभम मल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुधीर रतूड़ी, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र सिंह चौहान, कुमाऊं मंडल अध्यक्ष जसपाल सिंह जस्सी, कुमाऊं मंडल प्रभारी शौर्य लखेड़ा, प्रदेश प्रवक्ता नयन कुमार, ग्राम प्रधान लासी सुभाष खत्री और प्रदेश सचिव संजय राणा उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News