हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष की राष्ट्रसेवा सेवा, सुशासन, संकल्प और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने सदैव राष्ट्रनीति को राजनीति से ऊपर रखते हुए देशहित और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है। सोमवार को हरिद्वार में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल की सराहना करते हुए उत्तराखंड की जनता की ओर से उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। इसी अवसर पर राज्य मंत्रिमंडल ने मां गंगा का पूजन कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक शक्ति के रूप में अपनी पहचान मजबूत करने के साथ रक्षा, विज्ञान, नवाचार, खेल और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। इससे देशवासियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। प्रधानमंत्री ने समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के कल्याण को प्राथमिकता दी है। युवाओं के लिए स्टार्टअप और कौशल विकास की योजनाएं शुरू की गईं, जबकि महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी पहल की गईं। जनधन, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता से मजबूत हुआ भारत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सेना और सैनिकों की जरूरतों को प्राथमिकता दी है। चार दशक के इंतजार के बाद सैनिकों को एक रैंक, एक पेंशन योजना का लाभ मिला। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों के माध्यम से भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी दृढ़ कार्रवाई का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पहले भारत रक्षा सामग्री के आयात पर काफी निर्भर था, लेकिन अब देश अनेक देशों को रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है।
उत्तराखंड में संपर्क सुविधाओं और पर्यटन को मिली गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में सड़क, रेल, हवाई संपर्क और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को गति मिली है। ऑल वेदर रोड से चारधाम यात्रा को सुविधाजनक बनाने में मदद मिली है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा में अब तक 58 लाख से अधिक तीर्थयात्री पहुंच चुके हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री के आदि कैलाश दौरे के बाद इस क्षेत्र में तीर्थाटन को बढ़ावा मिला है। हर्षिल से शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहन मिलने से प्रदेश में वर्षभर पर्यटन की संभावनाएं मजबूत हुई हैं, जिसका लाभ स्थानीय लोगों की आजीविका को मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने माणा गांव पहुंचकर सीमांत गांवों को देश के प्रथम गांव के रूप में पहचान दिलाने का संदेश दिया, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने की संभावनाएं बढ़ी हैं।
आपदा के समय केंद्र से मिला सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिलक्यारा सुरंग हादसे, धराली आपदा और सहस्त्रताल मार्ग पर फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालने जैसे कठिन अवसरों पर केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग ढाई घंटे रह गया है। भविष्य में हरिद्वार को भी इससे जोड़ने की योजना है।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार में विकास कार्यों के साथ दूसरे मेडिकल कॉलेज को जल्द शुरू करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। बदरीनाथ और केदारनाथ पुनर्विकास परियोजनाओं से तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार हुआ है। केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं के साथ सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं को भी मंजूरी मिली है।
उत्तराखंड में 2.25 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में करीब 2.25 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। जौलीग्रांट हवाई अड्डे से 45 से अधिक विमान सेवाएं संचालित हो रही हैं, जबकि पंतनगर हवाई अड्डे के विस्तार की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है। किच्छा में एम्स के उपकेंद्र को शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अब तक 28 से अधिक बार उत्तराखंड आ चुके हैं। विदेश दौरों के दौरान उत्तराखंड के उत्पादों को विदेशी मेहमानों को उपहार में देकर उन्होंने प्रदेश के स्थानीय उत्पादों और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की है।