Skip to main content

Nirbhik Nazar

एसआईआर के बहाने डर का माहौल बना रहा विपक्ष: धामी

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाकर लोगों के बीच डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। मुख्यमंत्री ने यह बयान मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान दिया।

धामी ने राहुल गांधी, अशोक गहलोत, सचिन पायलट और केसी वेणुगोपाल के बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष के नेता एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि वर्ष 2018 और 2019 में मतदाताओं की संख्या में वृद्धि की बात सामने आई थी, तब भी निर्वाचन प्रक्रिया चल रही थी। ऐसे में विपक्ष को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उस समय प्रक्रिया को लेकर सवाल क्यों नहीं उठाए गए।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2002 से 2007 और 2007 से 2012 के बीच मतदाताओं की संख्या में हुए बदलावों पर भी विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनाव में हार मिलने पर निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाता है, जबकि जीत मिलने पर चुप रहता है। धामी ने कहा कि जनता अब अफवाहों में आने वाली नहीं है और विपक्ष को अपनी भूमिका गंभीरता से निभानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में हुए चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि देहरादून में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत मिलने पर विपक्ष ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाए, लेकिन जहां हार हुई, वहां सवाल खड़े किए गए। उन्होंने इसे विपक्ष की दोहरी नीति बताया। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस अब भी अपनी राजनीतिक भूमिका को गंभीरता से नहीं निभा पा रही है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News