काशीपुर। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। काशीपुर के बाजपुर रोड स्थित गौतमी हाइट्स में आयोजित दो दिवसीय विचार वर्ग कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के प्रभारी और विस्तारक शामिल हुए। इस दौरान चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
कार्यशाला में विधानसभा प्रभारियों और विस्तारकों को आगामी चुनाव के मद्देनजर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और बूथ स्तर पर तैयारियां मजबूत करने के निर्देश दिए गए। पार्टी नेतृत्व ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा धरातल पर काम कर रही है और इन्हीं कार्यों के आधार पर पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में संगठन के पदाधिकारियों ने विधानसभा प्रभारियों और विस्तारकों का मार्गदर्शन करने के साथ उन्हें आगामी चुनाव के लिए प्रेरित किया है।
धामी ने कहा कि कार्यशाला के बाद सभी विधानसभा प्रभारी और विस्तारक अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे। भाजपा का लक्ष्य बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देना है।