देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में ईईपीसी के चेयरमैन पंकज चड्ढा ने भेंट की। इस दौरान प्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने, निवेश की संभावनाओं का विस्तार करने और उद्योगों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित करने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में उद्योग, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को गति देने के साथ प्रदेश में निवेश के अनुकूल वातावरण विकसित करने पर विचार-विमर्श किया गया। औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं का बेहतर उपयोग कर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के विषय पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में उद्योगों को प्रोत्साहित करने और निवेश बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में उपलब्ध संसाधनों, स्थानीय प्रतिभाओं और उद्यमशीलता की संभावनाओं का बेहतर उपयोग करना है, ताकि आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हो सके।
धामी ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने और युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए उद्योगों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।