Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड: विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन में बांटी जिम्मेदारियां, जिलों से लेकर प्रकोष्ठों तक नए प्रभारी नियुक्त

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को जिलों, महानगरों, विधानसभा क्षेत्रों और पार्टी के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों, विभागों व प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेतृत्व का जोर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजीव महर्षि ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए यह निर्णय लिया गया है। पदाधिकारियों के अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित प्रवास करने, स्थानीय संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करने और कार्यकर्ताओं की समस्याओं व सुझावों को प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाने की अपेक्षा की है। उन्हें जन आंदोलनों, धरना-प्रदर्शनों, जनसंपर्क अभियानों और संगठनात्मक बैठकों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पार्टी के विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के प्रभारी समाज के अलग-अलग वर्गों को कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों से जोड़ने का काम करेंगे।

जिला और महानगर स्तर पर इन्हें मिली जिम्मेदारी

प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप को पौड़ी गढ़वाल, दर्शन लाल को हरिद्वार ग्रामीण, संजय जैन को रुड़की ग्रामीण, संजय पालीवाल को पछवादून, सतीश नैनवाल को ऊधम सिंह नगर, मधु को रुद्रपुर शहर, हेमंत को अल्मोड़ा और राजेंद्र पाल को चंपावत का जिला सह-प्रभारी बनाया गया है।

प्रदेश महासचिव नीरज त्यागी को पुरोला, अभिषेक सिंह को उत्तरकाशी, वीरेंद्र पोखरियाल को टिहरी, राकेश राणा को देवप्रयाग, दीप शर्मा को रुद्रप्रयाग, नवीन जोशी को चमोली, राकेश लाल को कोटद्वार ग्रामीण, अनिल भास्कर को कोटद्वार शहर, नरेंद्र राणा को हरिद्वार शहर और राव शेर मोहम्मद को रुड़की शहर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी क्रम में विजय गुनसोला को देहरादून शहर, अरविंद प्रधान को परवादून, सुमित्तर भुल्लर को काशीपुर शहर, शोभा बिष्ट को हल्द्वानी शहर और गणेश उपाध्याय को नैनीताल का प्रभारी बनाया गया है। संदीप को रानीखेत, पुष्कर जैन को बागेश्वर, संजय को पिथौरागढ़ और राजेंद्र को डीडीहाट की जिम्मेदारी दी गई है।

विभागों और प्रकोष्ठों के प्रभार भी सौंपे

प्रदेश उपाध्यक्ष विजय सारस्वत को घोषणा-पत्र, सूर्यकांत धस्माना को एनएसयूआई और युवा कांग्रेस, लालचंद शर्मा को सैनिक विभाग, मनोज रावत को विशेष गहन पुनरीक्षण समिति का अध्यक्ष, सीपी सिंह को अनुसूचित जाति विभाग, अनुपम शर्मा को प्रोटोकॉल, सुजाता पॉल को रचनात्मक कांग्रेस, इंदु मान को किसान कांग्रेस और सुखविंदर कौर को राजीव गांधी पंचायत राज संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा हाजी सर्बरयार खान को अल्पसंख्यक विभाग, प्रेम को घोषणा-पत्र एवं आरोप-पत्र समिति, संतोष चौहान को महिला कांग्रेस, संजय सैनी को विधि प्रकोष्ठ, पूर्व विधायक हेमेश को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना प्रकोष्ठ, पूर्व विधायक राजकुमार को नगर निकाय प्रकोष्ठ और राजीव महर्षि को प्रचार एवं प्रकाशन का जिम्मा दिया गया है। पार्टी की ओर से 18 अन्य प्रदेश महासचिवों को भी अलग-अलग विभागों और कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि जिन प्रदेश पदाधिकारियों को अभी जिम्मेदारी नहीं दी गई है, उन्हें आने वाले समय में कार्य आवंटित किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नई जिम्मेदारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आएगी और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में मदद मिलेगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News