देहारादून : तीरथ मंत्रिमंडल ने प्रदेश में बढ़ते कोरोना के रोकथाम को लेकर राजधानी देहरादून के नगर निगम क्षेत्र में नाइट कर्फ्यू लागू करने का निर्णय लिया है। इसके साथ प्रदेश के तीन जिलों में कक्षा एक से लेकर 12 वीं तक के स्कूल (दसवीं और बारहवी बोर्ड को छोड़कर ) 30 अप्रैल तक बंद रखने का फैसला लिया गया है।
शुक्रवार शाम को सचिवालय में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक समाप्ति के बाद शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने ब्रीफिंग की। मंत्री ने बताया कि कोविड के संक्रमण को देखते हुए देहरादून निगम क्षेत्र में रात 10 से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया है। कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती की जाएगी। आवश्यक कार्यो के लिए पहले की तरह छूट जारी रहेगी।
मंत्रिमंडल में प्रदेश के तीन जनपदों में स्कूल को 30 अप्रैल तक बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसमें देहरादून जिले के चकराता,कालसी क्षेत्रों को छोड़कर शेष जिले,संपूर्ण हरिद्वार जिला,नैनीताल नगर पालिका क्षेत्र और नगर निगम हल्द्वानी क्षेत्र में 30 अप्रैल तक कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूल बंद रखने पर फैसला लिया गया। इस निर्णय में बोर्ड परीक्षा 10 वीं और बारहवीं के स्कूल चालू रहेंगे।