Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड में चुनावी तैयारियां तेज, 23 अक्टूबर से होगी ईवीएम-वीवीपैट की जांच

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 23 अक्टूबर से इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीनों और मतदाता सत्यापन पर्ची प्रणाली की जांच शुरू होगी। जिला स्तर पर होने वाली इस प्रक्रिया की निगरानी जिलाधिकारी करेंगे। जांच के दौरान संबंधित कंपनियों के तकनीकी विशेषज्ञों के साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। वहीं, नवंबर में केंद्रीय निर्वाचन आयोग की टीम उत्तराखंड पहुंचकर चुनावी तैयारियों का जायजा लेगी।

निर्वाचन विभाग ने मतदान मशीनों की तकनीकी स्थिति और कार्यक्षमता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। जांच के दौरान मशीनों की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया जाएगा, ताकि चुनाव में इनके इस्तेमाल से पहले तकनीकी स्थिति का आकलन किया जा सके। प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी इसमें शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।

नवंबर में आयोग की टीम का प्रस्तावित दौरा

चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए केंद्रीय निर्वाचन आयोग की टीम नवंबर में उत्तराखंड का दौरा कर सकती है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, टीम के 15 नवंबर के आसपास प्रदेश पहुंचने की संभावना है। इसमें मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त डॉ. एसएस संधू और विवेक जोशी सहित अन्य अधिकारी शामिल हो सकते हैं।

दौरे के दौरान आयोग की टीम संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करेगी। पुलिस विभाग से भी चुनाव के दौरान सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली जाएगी।

मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर भी नजर

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में मतदाता सूची को अंतिम रूप देना भी अहम रहेगा। नवंबर के पहले सप्ताह से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई गई है। इसके तहत मतदाता सूची की जांच और संशोधन किया जाएगा। हालांकि, चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा निर्वाचन आयोग की ओर से ही की जाएगी।

सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास के अनुसार, हाल ही में भारत निर्वाचन आयोग की टीम देहरादून आई थी। इस दौरान चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा हुई थी। अब जल्द ही आयोग की एक और टीम प्रदेश का दौरा करेगी और ईवीएम तथा वीवीपैट की जांच की जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News