Skip to main content

Nirbhik Nazar

चंपावत के विकास को धामी ने दी रफ्तार, 96 करोड़ की 16 परियोजनाओं से बदलेगी तस्वीर

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत को विकास की नई सौगात देते हुए 95.99 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित सर्किट हाउस का लोकार्पण किया, वहीं शिक्षा, सड़क, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाया। बनबसा में बैडमिंटन कोर्ट निर्माण का शुभारंभ करने के साथ खिलाड़ियों को पुरस्कार और खेल किट भी वितरित की गईं।

67 करोड़ की योजनाएं जनता को समर्पित

मुख्यमंत्री ने 67.24 करोड़ रुपये की लागत वाली 11 योजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 28.76 करोड़ रुपये की पांच नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। लोकार्पित योजनाओं में सड़क निर्माण और उच्चीकरण, सर्किट हाउस का विस्तार, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में कार्यशाला एवं तकनीकी प्रयोगशाला, कलेक्ट्रेट भवन और दूरस्थ क्षेत्रों में वायरलेस नेटवर्क से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं।

टनकपुर में 98 बिस्तरों वाले महिला छात्रावास, नागार्जुन पार्क के सौंदर्यीकरण और शवदाह गृह में आधुनिक सुविधाओं का भी लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं से प्रशासनिक व्यवस्था, शिक्षा और स्थानीय सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

घंटाघर से पार्किंग तक, कई नई योजनाओं की नींव

शिलान्यास की गई परियोजनाओं में गांवों में चेन लिंक बाड़बंदी, राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में चार कक्षा-कक्ष, छतार में कुमाऊंनी शैली का घंटाघर, देवीधुरा में बहुस्तरीय पार्किंग और विभिन्न क्षेत्रों में सौर ऊर्जा से चलने वाली पथ प्रकाश व्यवस्था शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए सड़क, शिक्षा, पर्यटन, कृषि और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक पहुंचाना है।

अधिवक्ताओं को सुविधाएं, बनबसा में हनुमान प्रतिमा का अनावरण

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने अधिवक्ता कक्ष, सुगम वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-पुस्तकालय स्थापित करने की घोषणा की। इसके अलावा बनबसा में 11 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा का अनावरण किया और नशामुक्ति सद्भावना दौड़ को हरी झंडी दिखाई।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने अधिकारियों को नियमानुसार समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के अनुसार, जिले में शुरू की गई विकास परियोजनाएं क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने और चंपावत को आदर्श जिले के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News