देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ राजनीतिक अभियान तेज करने की तैयारी कर ली है। पार्टी 22 अक्टूबर से ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ शुरू करेगी। यात्रा की शुरुआत प्रदेश के चार अलग-अलग क्षेत्रों से होगी, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, विधायक और पदाधिकारी शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत यात्रा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी और 30 अक्टूबर को हरिद्वार जिले में इसका समापन होगा।
गोल्ज्यू मंदिर से शुरू होगा पहला दल
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में पहला दल 22 अक्टूबर को अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा शुरू करेगा।
यह दल रानीखेत, खैरना, भवाली और भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को यात्रा लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता और खटीमा से होकर रुद्रपुर पहुंचेगी। 24 अक्टूबर को रुद्रपुर, बाजपुर और काशीपुर होते हुए जसपुर में यात्रा आयोजित की जाएगी। 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ इस दल के कार्यक्रम का समापन होगा।
बदरीनाथ धाम से शुरू होगी दूसरे दल की यात्रा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और अन्य विधायकों के नेतृत्व में दूसरा दल 22 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद जोशीमठ और पीपलकोटी होते हुए चमोली पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर से होते हुए यह दल रुद्रप्रयाग पहुंचेगा।
24 अक्टूबर को चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के सतपुली, यमकेश्वर और कोटद्वार में यात्रा के कार्यक्रम होंगे। 25 अक्टूबर को लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के बीरोंखाल में यात्रा आयोजित की जाएगी। वहीं, 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी को लेकर बैठक प्रस्तावित है।
देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में प्रीतम सिंह संभालेंगे कमान
चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में तीसरा दल 22 अक्टूबर को देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को सहसपुर और विकासनगर में यात्रा निकाली जाएगी।
24 अक्टूबर को चकराता विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे, जबकि 25 अक्टूबर को कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा आयोजित की जाएगी। 26 अक्टूबर को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम होगा। इसके बाद प्रीतम सिंह 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा सत्र में भाग लेंगे।
हरिद्वार में हरक सिंह रावत के नेतृत्व में यात्रा
चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत के नेतृत्व में चौथा दल 23 अक्टूबर को हरिद्वार शहर में यात्रा आयोजित करेगा। इसके बाद हरिद्वार जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 अक्टूबर को लक्सर और ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा के साथ इस दल का अभियान समाप्त होगा।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया अध्यक्ष राजीव महर्षि ने बताया कि गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम के बाद अन्य विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
कांग्रेस की इस यात्रा को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने और प्रदेश सरकार के खिलाफ अपना पक्ष जनता तक पहुंचाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।