Skip to main content

Nirbhik Nazar

हरिद्वार में सियासी ताकत बढ़ाने में जुटी भाजपा, बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नाथीराम 167 समर्थकों संग पार्टी में शामिल

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने हरिद्वार में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में बहुजन समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नाथीराम अपने 167 समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। गुरुवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

महेंद्र भट्ट ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं का भाजपा से जुड़ना बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी हरिद्वार में अपनी पिछली कमी दूर करते हुए सबसे अधिक सीटें जीतने का प्रयास करेगी। भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड में लगातार दूसरी बार सत्ता में लौटकर भाजपा ने दोबारा सरकार न बनने की परंपरा तोड़ी थी। अब पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है।

भट्ट ने डॉ. नाथीराम के भाजपा में शामिल होने को हरिद्वार की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि नाथीराम लंबे समय तक बसपा में सक्रिय रहे हैं और उन्हें राजनीतिक अनुभव है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिला है। आवास, शौचालय, रसोई गैस, बिजली, पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के कारण लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने परिवारवाद की राजनीति को चुनौती दी है। उन्होंने दावा किया कि पिछड़े, अनुसूचित और अल्पसंख्यक समाज के लोगों की भी पार्टी में भागीदारी बढ़ रही है। भट्ट ने कहा कि विपक्ष भाजपा को लेकर लोगों के बीच भय पैदा करने की कोशिश करता है, लेकिन विभिन्न वर्गों के लोग पार्टी के साथ आ रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी चुनाव में हरिद्वार समेत प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भाजपा को इसका लाभ मिलेगा।

भाजपा में शामिल होने के बाद डॉ. नाथीराम ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक बसपा में काम करने के बाद अब वह अपने समर्थकों के साथ प्रदेश के विकास में भागीदारी करना चाहते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

डॉ. नाथीराम के साथ बसपा के जिला प्रभारी फकीरचंद, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश कुमार, पूर्व जिला प्रभारी विक्रम सिंह, पूर्व लोकसभा प्रभारी अधिवक्ता पदम सिंह, पूर्व विधानसभा प्रभारी सोमपाल प्रधान, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विकास कुमार और प्रदेश सचिव राम सिंह कश्यप सहित कई नेता भाजपा में शामिल हुए। इनके अलावा इंजीनियर लखन सिंह प्रधान, सुशील कुमार प्रधान, युवराज प्रधान, अर्जुन सिंह प्रधान, डॉ. वीरेंद्र सिंह, जसविंदर सिंह, मुकर्रम प्रधान, इस्तकार प्रधान, फुरकान प्रधान, लियाकत अली, जावेद अहमद और नौशाद अहमद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News