Skip to main content

Nirbhik Nazar

अखिलेश यादव के बयान पर भड़के मुख्यमंत्री धामी, कहा – उत्तराखंडियों को घुसपैठिया कहना अपमान

देहरादून। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के उत्तर प्रदेश में उत्तराखंड के लोगों को लेकर दिए गए ‘घुसपैठिया’ संबंधी बयान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना उनके स्वाभिमान और राज्य निर्माण के लिए किए गए संघर्ष का अपमान है। उन्होंने अखिलेश यादव को उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में हुई गोलीबारी की घटना की याद भी दिलाई।

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड को देवभूमि और वीरभूमि बताते हुए कहा कि यहां के लोगों ने अलग राज्य के निर्माण के लिए लंबा संघर्ष किया और अनेक बलिदान दिए। ऐसे में उत्तराखंड के लोगों के सम्मान पर सवाल उठाने वाली टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का अपना गौरवशाली इतिहास है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल की दिलाई याद

मुख्यमंत्री ने रामपुर तिराहा गोलीकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस समय उत्तराखंड को अलग राज्य बनाने की मांग को लेकर आंदोलन चल रहा था, उस समय अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में आंदोलनकारियों पर हुई गोलीबारी उत्तराखंड राज्य आंदोलन की प्रमुख घटनाओं में शामिल है। धामी ने कहा कि राज्य के लोगों के संघर्ष और बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता।

कांग्रेस से भी मांगा जवाब

मुख्यमंत्री धामी ने इस मामले में कांग्रेस से भी अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव के बयान से सहमत है और क्या उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना उसे स्वीकार है। धामी ने कांग्रेस से इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News