Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड में सफाई कर्मचारियों का बढ़ेगा मानदेय, मुख्यमंत्री धामी ने किया ऐलान

देहरादून। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर देहरादून में आयोजित शोभायात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सफाई कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के मानदेय में जल्द वृद्धि की जाएगी। इसके लिए सफाई कर्मचारी संगठनों, नगर निकायों और संबंधित विभागों के साथ बैठक आयोजित कर निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने रामायण के माध्यम से पूरे विश्व को भगवान राम के जीवन से परिचित कराया। महर्षि वाल्मीकि का जीवन सिखाता है कि अच्छे विचारों और कर्मों से व्यक्ति दूसरों के लिए प्रेरणा बन सकता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके ज्ञान, कर्म और समाज के प्रति योगदान से होती है। महर्षि वाल्मीकि ने ऐसे समाज के निर्माण की प्रेरणा दी, जहां भेदभाव के लिए कोई स्थान न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामायण सत्य, धर्म, त्याग और कर्तव्य जैसे मानवीय मूल्यों का संदेश देती है। यह प्रेम, समानता, बंधुत्व और मानवीय गरिमा का सम्मान करना सिखाती है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति हमेशा समाज में प्रेम, सद्भाव और समरसता बनाए रखने की प्रेरणा देती रही है।

अनुसूचित जाति-जनजाति के विद्यार्थियों के लिए योजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को कक्षा एक से 12वीं तक छात्रवृत्ति दी जा रही है। इन विद्यार्थियों के लिए 15 निशुल्क छात्रावास, पांच आवासीय विद्यालय और तीन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भी संचालित किए जा रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने बताया कि अटल आवास योजना के तहत आवासहीन अनुसूचित वर्ग के परिवारों को घर बनाने के लिए एक लाख 20 हजार रुपये की सहायता देने की व्यवस्था की गई है। सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए अनुसूचित जाति के युवक या युवती से अंतरजातीय विवाह करने पर 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में भगवान राम के मंदिर निर्माण और महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा स्थापित किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या हवाई अड्डे का नाम भी महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है। उन्होंने लोगों से महर्षि वाल्मीकि के बताए मार्ग पर चलकर जीवन को सफल बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सफाई व्यवस्था और नगर निकायों के संचालन में सफाई कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके योगदान को देखते हुए मानदेय बढ़ाने के संबंध में जल्द बैठक कर निर्णय लिया जाएगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News