हल्द्वानी। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी इच्छा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि उनका मन हरिद्वार जिले की खानपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ने को लेकर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। पार्टी जहां से चुनाव लड़ने का निर्देश देगी, वह वहीं से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
हरीश रावत ने कहा कि खानपुर क्षेत्र से जुड़े लोग उनसे चुनाव लड़ने का आग्रह कर रहे हैं। इसी वजह से उनके मन में इस सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा है। उन्होंने साफ किया कि इस संबंध में पार्टी नेतृत्व का निर्णय ही अंतिम होगा।
परिवार के लोगों को टिकट दिए जाने और परिवारवाद के सवाल पर भी हरीश रावत ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के लोग पिछले 20 से 25 वर्षों से जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों की राजनीतिक सक्रियता को परिवारवाद से जोड़ने वालों को उनके लंबे समय से जनता के बीच काम करने के पहलू को भी देखना चाहिए।
हरीश रावत ने यह भी कहा कि भाजपा को हराने के लिए जो भी मजबूत प्रत्याशी होगा, वह उसके साथ खड़े हैं। उनके इस बयान के बाद वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी संभावित सीट को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब इस मामले में कांग्रेस नेतृत्व का फैसला अहम होगा।