Nirbhik Nazar

मुख्य सचिव ओमप्रकाश की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई मुख्यमंत्री के सलाहकारों की बैठक

देहारादून: मुख्यमंत्री के सलाहकारों की बैठक मुख्य सचिव ओमप्रकाश की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में सम्पन्न हुई। इस बैठक में राज्य के विकास में नवाचार और उद्यमिता की भूमिका और कोविड-19 के कारण आने वाली चुनौतियों का सामना करने के साथ ही रणनीति बनाकर इन चुनौतियों को अवसरों में बदलने के लिए एक मुख्यमंत्री सलाहकार समूह गठित किया गया है। मुख्यमंत्री सलाहकार समूह में सरकारी के साथ ही गैर-सरकारी सदस्यों को भी रखा गया है।

मुख्यमंत्री सलाहकार समूह की प्रथम बैठक में प्राप्त मुख्य सुझावों में उत्तराखंड के उत्पादों की ब्रांड आईडेंटिटी विकसित किए जाने, मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा दिए जाने, उत्तराखंड की अद्वितीय जैव विविधता का लाभ लेने, छोटे उद्यमों में आने वाली वास्तविक समस्याओं का पता लगाने एवं उनका व्यवस्थित समाधान करने जैसे विभिन्न सुझाव प्राप्त हुए थे। सभी सुझावों में से चयनित 6 मुख्य सुझावों के लिए अधिकारियों की अध्यक्षता में 6 उपसमूह भी बनाए गए हैं।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में मेडिकल टूरिज्म की बहुत अधिक सम्भावनाएं हैं। इस क्षेत्र के लिए योजनाएं तैयार की जानी चाहिए, इसके साथ ही आयुर्वेद प्रशामक देखभाल के क्षेत्र में भी योजनाएं तैयार की जा सकती हैं।  उत्तराखंड के पास जैव विविधता के रूप में बहुमूल्य धरोहर है। इस जैव विविधता के माध्यम से प्रदेश में स्थानीय लघु उद्यमों एवं रोजगार के सृजन हेतु विशेषज्ञों से सुझाव लिए जाएं ताकि योजनाओं को धरातल पर उतारा जा सके और प्रदेश की आर्थिकी को बेहतर बनाया जा सके।

मुख्य सचिव ने कहा कि सभी सम्बन्धित विभाग प्लानिंग डिपार्टमेंट के संयोजन में कार्य करेंगे और इसके लिए मई में एक कार्यशाला आयोजित की जाए, जिसमें सलाहकार समूह द्वारा प्राप्त प्रत्येक सुझाव के लिए कम से कम एक सेशन जरूर रखा जाए।  बैठक में सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, सचिव एस.ए. मुरूगेशन एवं अपर सचिव वन नेहा वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *