Skip to main content

Nirbhik Nazar

धामी सरकार के ‘विरासत अभियान’ से जनता को मिली बड़ी राहत, संपत्ति नामांतरण के 4,943 का निस्तारण, CM ने दिए और तेजी के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश में चलाए गए विरासत अभियान के तहत निर्विवाद संपत्ति हस्तांतरण से जुड़े हजारों मामलों का निस्तारण किया गया है। अभियान के अंतर्गत धारा-34 और धारा-33ए के तहत कुल 10,404 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 4,943 का निस्तारण हो चुका है। इससे संपत्ति के विरासत संबंधी मामलों में लोगों को राहत मिली है।

17 अक्टूबर 2026 को आयोजित नामांतरण दिवस के दौरान उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, धारा-34 के तहत 9,244 प्रकरण दर्ज किए गए थे। इनमें से 3,835 का निस्तारण किया जा चुका है। वहीं, धारा-33ए के तहत दर्ज 1,160 प्रकरणों में से 1,108 का निस्तारण हुआ है। इस तरह दोनों धाराओं के तहत कुल 4,943 मामलों का निपटारा किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। विरासत अभियान इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि संपत्ति से जुड़े निर्विवाद मामलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी होने से लोगों को परेशानी होती है। सरकार की प्राथमिकता ऐसे मामलों का जल्द निस्तारण कर नागरिकों को राहत देना है।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के तहत प्राप्त मामलों की नियमित समीक्षा करने और शेष प्रकरणों का भी नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाया जाना जरूरी है, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

राज्य सरकार के अनुसार, इस पहल से राजस्व सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने, आमजन की समस्याओं का समाधान करने और प्रशासन के प्रति नागरिकों का विश्वास मजबूत करने में मदद मिल रही है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News