Skip to main content

Nirbhik Nazar

राष्ट्रीय एकता दिवस पर राज्यपाल ने शौर्य स्थल पहुंचकर शहीदों को किया नमन, चमोली में तीन पुलिसकर्मी सम्मानित

देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को देहरादून के चीड़बाग स्थित शौर्य स्थल पहुंचकर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया और उनके त्याग, साहस तथा बलिदान को याद किया। इस दौरान सेना के वरिष्ठ अधिकारी और जवान भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए भारतीय सेना के जवान जिस अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं, वह पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। देश की सीमाओं की सुरक्षा करते हुए वीर सैनिकों ने जो सर्वोच्च बलिदान दिया है, उसे हमेशा याद रखा जाएगा। उनका योगदान राष्ट्र के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है। देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।

राज्यपाल ने उत्तराखंड को वीरभूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश की मिट्टी में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का भाव रचा-बसा है। यहां लगभग हर दूसरे घर से कोई न कोई व्यक्ति देश की सशस्त्र सेनाओं में सेवाएं दे रहा है। उत्तराखंड के युवाओं में सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का जज्बा हमेशा से रहा है। यही वजह है कि प्रदेश का सेना और सैन्य परंपराओं से गहरा जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि हमें अपने वीर सैनिकों, शहीदों और उनके परिवारों पर गर्व है। सैनिकों का त्याग केवल उनके परिवारों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरा देश उनके बलिदान का ऋणी है।

उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृतियों को संजोकर रखना और आने वाली पीढ़ियों को उनके साहस एवं बलिदान से परिचित कराना सभी की जिम्मेदारी है। शौर्य स्थल जैसे स्मारक देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सैनिकों की वीरता और समर्पण की याद दिलाते हैं। ऐसे स्थल युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देशसेवा की भावना को मजबूत करते हैं।

चमोली में राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिसकर्मियों का सम्मान

उधर, सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर चमोली पुलिस ने भी राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया। पुलिस लाइन गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक की ओर से प्रशस्ति डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पुलिस विभाग में सराहनीय एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर) प्रदान की गई। वहीं, उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह को प्रशस्ति डिस्क (गोल्ड) और मुख्य आरक्षी चंदन सिंह नगरकोटी को प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर) से सम्मानित किया गया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News