Skip to main content

Nirbhik Nazar

श्रीनगर में धामी के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, 9.35 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात के साथ नौ साल बाद लौटी सिटी बस सेवा

श्रीनगर/पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के श्रीनगर दौरे पर शनिवार को शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग उमड़े और जगह-जगह उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने नगरवासियों को करीब 9.35 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही करीब नौ साल से बंद सिटी बस सेवा को दोबारा शुरू कराया और महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की।

श्रीनगर पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, महापौर आरती भंडारी और जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान जूनियर दिल्ली स्कूल की प्रधानाचार्य बबिता गुसाईं के साथ आए 10 विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को डीक्राफ्ट भेंट किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उन्हें प्रोत्साहित किया।

महिला समूहों को प्रोत्साहन, 51 महिलाओं को स्वास्थ्य किट

‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 2,01,530 रुपये का चेक वितरित किया। इसके साथ ही 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता किट प्रदान की। इस पहल का उद्देश्य महिला समूहों की आजीविका को प्रोत्साहित करने के साथ स्वच्छता कार्यों में जुटी महिलाओं के स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखना है।

नौ साल बाद फिर सड़कों पर दौड़ेगी सिटी बस

श्रीनगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी करते हुए मुख्यमंत्री ने करीब नौ साल बाद सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। महापौर आरती भंडारी की पहल पर जिलाधिकारी को दिए गए प्रस्ताव के बाद जिला प्रशासन ने अनटाइड फंड से करीब 22.48 लाख रुपये की लागत से 30 सीटों वाली बस उपलब्ध कराई है। मुख्यमंत्री ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उसकी चाबी नगर निगम को सौंपी। उन्होंने पार्षदों से भरी बस का फ्लैग ऑफ भी किया।

यह बस धारी देवी से कलियासौड़ होते हुए कीर्तिनगर पुल तक संचालित होगी। शुरुआत में प्रतिदिन कम से कम पांच चक्कर लगाएगी। सर्दियों में बस सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक और गर्मियों में सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक चलेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए शहर में अलग-अलग स्थानों पर बस स्टॉप भी बनाए जाएंगे। न्यूनतम किराया निर्धारित होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय नागरिकों को किफायती आवागमन की सुविधा मिलेगी।

ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण, विकास कार्यों की दी सौगात

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण भी किया। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलने और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (वर्षा जल संचयन पार्क), सड़क और नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क, पार्कों का सौंदर्यीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से नगर की स्वच्छता व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

बच्चों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री, प्रोटोकॉल से हटकर किया संवाद

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का बच्चों से आत्मीय संवाद भी आकर्षण का केंद्र रहा। कॉलेज गेट के समीप विद्यार्थियों को देखकर मुख्यमंत्री प्रोटोकॉल से हटकर अपने वाहन से नीचे उतरे और उनके बीच पहुंचकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी उत्साहित नजर आए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News