Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड क्रांति दल ने जारी की 16 प्रत्याशियों की पहली सूची, दूसरी सूची जल्द

देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारियां तेज करते हुए 16 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। दल ने सभी प्रत्याशियों से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के घर-घर जाकर दल के एजेंडे से अवगत कराने की अपील की है। उक्रांद जल्द ही प्रत्याशियों की दूसरी सूची भी जारी करेगा।

शनिवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने पहली सूची जारी करते हुए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। इसके तहत पिथौरागढ़ से काशी सिंह ऐरी, द्वाराहाट से पुष्पेश त्रिपाठी, देवप्रयाग से पूरण सिंह कठैत, प्रतापनगर से पंकज व्यास, कर्णप्रयाग से आशीष नेगी, जोगेश्वर से दिनेश कुंजवाल और राजपुर (अनुसूचित जाति) से देव चंद उत्तराखंडी को प्रत्याशी बनाया गया है।

इसी तरह सल्ट से प्रताप सिंह, टिहरी गढ़वाल से डीडी पंत, कपकोट से वरुण चंदोला, काशीपुर से प्रदीप चंद, नानकमत्ता (अनुसूचित जनजाति) से कैलाश सिंह पांगती, रामनगर से भुवन चंद्र, देहरादून कैंट से राजेंद्र सिंह नेगी, खानपुर से रितु कंडियाल जुयाल और धनोल्टी से चंदन सिंह राणा को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

कुकरेती ने बताया कि प्रत्याशियों का चयन उनकी निष्ठा, समर्पण, जनसरोकारों और उत्तराखंड के हितों के लिए किए गए संघर्ष के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दूसरी सूची भी जारी की जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News