Skip to main content

Nirbhik Nazar

धामी सरकार ने विकास कार्यों के लिए मंजूर किए 805 करोड़ रुपये

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए 805 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस धनराशि से सड़क निर्माण एवं सुधार, धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, बांधों और बैराजों की सुरक्षा एवं सुदृढ़ीकरण, सीवर लाइनों के प्रतिस्थापन, नलकूप निर्माण और बहुउद्देशीय भवनों सहित विभिन्न कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही की किश्त भी जारी की गई है।

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग विकास कार्यों के लिए 1.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इसके अलावा उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड के छह बांधों और बैराजों की सुरक्षा एवं सुदृढ़ीकरण के लिए विश्व बैंक पोषित परियोजना के तहत 398.30 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

चम्पावत जिले की ग्राम पंचायत दुधौरी में भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 58.67 लाख रुपये और ग्राम पंचायत क्वारसिंह (अमोड़ी) में भगवती दुर्गा मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 47.85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। देहरादून के रायपुर में आरजीआईसीएस की मौजूदा पहली मंजिल पर प्रस्तावित शेड निर्माण के लिए 2.20 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में किरौली स्कूल से जैतबुगा तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 74.44 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, उत्तरकाशी जिले के हर्षिल में मुख्य मार्ग पर भवन संख्या एक से 23 तक के बाहरी हिस्सों के सौंदर्यीकरण के प्रथम चरण के लिए 4.92 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।

शहरी निकायों को 328.28 करोड़ की किश्त

मुख्यमंत्री ने छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों की प्रत्याशा में पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के आधार पर प्रदेश के सभी शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही यानी अक्टूबर से दिसंबर 2026 के लिए 328.28 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। यह राशि तदर्थ आधार पर जारी की जाएगी।

सीवर व्यवस्था और पेयजल योजनाओं को भी मंजूरी

हरिद्वार जिले में अनुरक्षण शाखा (गंगा), जोन प्रथम भूपतवाला क्षेत्र की क्षतिग्रस्त और कम व्यास वाली सीवर लाइनों को बदलने के लिए 7.65 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, जोन द्वितीय कनखल के विभिन्न स्थानों पर सीवर लाइनों के प्रतिस्थापन के लिए 6.24 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

देहरादून के रायपुर विकासखंड के चक तुनवाला 1/4 और भद्रकाली एन्क्लेव 1/2 क्षेत्र में नलकूप, ओवरहेड टैंक, राइजिंग मेन और वितरण प्रणाली के सुदृढ़ीकरण के लिए 9.84 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। देहरादून की दक्षिण शाखा के अंतर्गत धामावाला वार्ड में डिस्पेंसरी रोड से राजा रोड तक क्षतिग्रस्त सीवर लाइन बदलने के लिए 3.80 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

मंदिरों और प्रशासनिक भवनों के लिए भी धनराशि

ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर विधानसभा क्षेत्र में मंदिरों के सुदृढ़ीकरण के लिए 1.62 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ जिले में गुरु गोरखनाथ मंदिर मेला स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 32.53 लाख रुपये और अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के चलनीछीना में घटीका मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.39 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

हरिद्वार के रोशनाबाद में आबकारी विभाग के कार्यालय एवं आवासीय भवन निर्माण के लिए 9.09 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। पिथौरागढ़ नगर निगम के कार्यालय भवन निर्माण के लिए 24.47 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं, चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में पूर्णागिरी मेले के लिए सेलागांव में चार करोड़ रुपये की लागत से बहुउद्देशीय प्रशासनिक भवन बनाया जाएगा। इसमें मेला मजिस्ट्रेट, मेला अधिकारी, पुलिस और चिकित्सकों सहित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के एक ही स्थान पर बैठकर कार्य करने की सुविधा होगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News