Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड चुनाव की तैयारी पर कांग्रेस हाईकमान का मंथन, खरगे-राहुल ने प्रदेश नेताओं को दिए दिशा-निर्देश

देहरादून/नई दिल्ली। दिल्ली में विपक्षी गठबंधन की महारैली और मार्च में शामिल होने के बाद उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक की। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में हुई इस बैठक में वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की तैयारियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक में कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी मनोज यादव और सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत शामिल रहे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को चुनाव प्रचार और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के निर्देश दिए गए। हाईकमान ने छोटे-बड़े सभी जनसरोकारों से जुड़े विषयों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से रखने और पार्टी के अभियान को व्यापक बनाने पर जोर दिया।

बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के 10 राजाजी मार्ग स्थित आवास पर हुई। इसमें राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस संगठन के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और कुमारी सैलजा भी मौजूद रहीं।

प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इसमें विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक विषयों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तथा संगठन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News