Skip to main content

Nirbhik Nazar

खटीमा: मुख्यमंत्री धामी ने अपने बचपन के स्कूल का किया लोकार्पण, बच्चों को बांटी चॉकलेट

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के नगला तराई स्थित अपने बचपन के प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर पुरानी यादें साझा कीं। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल स्कूल के रूप में तैयार विद्यालय का उन्होंने लोकार्पण कर इसे बच्चों को समर्पित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को चॉकलेट और शिक्षण सामग्री भी वितरित की।

मुख्यमंत्री ने लोहियाहेड हेलीपैड से नगला तराई पहुंचकर प्राथमिक विद्यालय का उद्घाटन किया। इस विद्यालय में उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की थी। आईजीएल कंपनी ने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से यहां पांच कक्षों का निर्माण, आधुनिक कक्षाएं और विद्यालय का सौंदर्यीकरण कराया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगला तराई में करीब 65 लाख रुपये की लागत से कराए गए सौंदर्यीकरण और मंच निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत की और उन्हें चॉकलेट व शिक्षण सामग्री बांटी।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों के साथ अपने बचपन के स्कूल की यादें साझा करते हुए कहा कि मॉडल स्कूल बनने से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने, स्मार्ट कक्षाएं बनाने और बेहतर शैक्षणिक परिवेश उपलब्ध कराने के लिए सरकार काम कर रही है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमावर्ती क्षेत्रों के अंतिम गांवों को देश के प्रथम गांव की संज्ञा दी है। इसी सोच के अनुरूप ऊधम सिंह नगर, चंपावत, पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी सहित सीमांत जिलों के विकास और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। नेपाल सीमा से लगे नगला तराई गांव के विद्यालय में आधुनिक कक्षाओं और स्मार्ट कक्षाओं का निर्माण इसी दिशा में किया गया है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News