Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड में बनेंगे 20 नए छठ घाट, खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने की घोषणा

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित 14वें दीपावली मेले में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने ऊधम सिंह नगर, देहरादून और चम्पावत जिले में 20 नए छठ घाटों के निर्माण की घोषणा की। इनमें ऊधम सिंह नगर के काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा के विभिन्न स्थान शामिल हैं। इसके अलावा देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाएं तट, विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के तट और चम्पावत के बनबसा में भी छठ पूजा घाट बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने दीपावली मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विकास परिषद जैसे संगठनों के सेवा और संस्कार से जुड़े प्रयास समाज को एकजुट करने और सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के पुनरुत्थान, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। आपदा से क्षतिग्रस्त केदारनाथ धाम को भव्य और दिव्य स्वरूप देने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ा है। केदारखंड में चारधाम के विकास की तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण तथा वहां आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का काम भी जारी है।

धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास के साथ राज्य की संस्कृति का संरक्षण और उसका प्रसार करना है। हरिद्वार-ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर और मां शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर का काम करीब तीन हजार करोड़ रुपये की लागत से आगे बढ़ रहा है। भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए दून विश्वविद्यालय में हिंदू अध्ययन केंद्र की स्थापना भी की गई है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह, संतोष गौरव, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, महामंत्री रमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, हिमांशु बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News