Skip to main content

Nirbhik Nazar

अमित शाह के दौरे से पहले देहरादून में तैयारियां तेज, पुलिस लाइन से परेड ग्राउंड तक रहेगा कार्यक्रम

देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के छह नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर राजधानी में तैयारियां तेज हो गई हैं। दौरे के दौरान वह उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करेंगे। इसके साथ ही परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा और पदयात्रा कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

अमित शाह के दौरे की शुरुआत पुलिस लाइन में आयोजित समारोह से होगी। यहां वह उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करने के साथ पुलिस परेड की सलामी लेंगे। राष्ट्रपति पुलिस कलर किसी भी पुलिस बल के लिए विशिष्ट सम्मान माना जाता है। यह पुलिस बल की सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और उल्लेखनीय उपलब्धियों का प्रतीक है। समारोह के लिए उत्तराखंड पुलिस ने विशेष तैयारियां की हैं। कार्यक्रम में पुलिसकर्मी नई औपचारिक वर्दी में नजर आएंगे।

इस अवसर पर उत्तराखंड पुलिस की नई पहचान भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। नए प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, सत्यमेव जयते, स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय और नदी को शामिल किया गया है। ये प्रतीक राष्ट्रीय गौरव, सत्य, न्याय, उत्कृष्टता और प्रदेश की भौगोलिक पहचान को दर्शाते हैं। पुलिस के ध्वज को भी नया स्वरूप दिया गया है। वर्ष 2008 में अनावरण किए गए पुराने ध्वज की जगह गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि वाला नया ध्वज अपनाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 21 अक्टूबर 2026 को नए प्रतीक चिह्न और पुलिस की नई पहचान को मंजूरी दी थी।

गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस लाइन और परेड ग्राउंड में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। वीवीआईपी आवागमन, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और आम लोगों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती और निगरानी व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News