Skip to main content

Nirbhik Nazar

CM धामी ने खटीमा में किया 14.97 करोड़ की सड़क चौड़ीकरण परियोजना का भूमि पूजन, जाम से मिलेगी राहत

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक 14.97 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले सड़क चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ी होने से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने खटीमा की जनता के स्नेह और अपनत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस क्षेत्र से उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की ऊर्जा देता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण सहित शिक्षा के क्षेत्र में कई कार्य किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से स्थानीय लोगों को लाभ मिल रहा है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए चीनी मिल के संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि खटीमा में जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर बनाना उनकी प्राथमिकता है। विकास कार्य आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेंगे।

इससे पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। रास्ते में स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News